उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के खखरेडू थाना पुलिस ने लूट के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी कन्हैया सहरिया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि विगत 9 जुलाई 2025 को खखरेडू थाना क्षेत्र के सोथरापुर निवासी राघवेंद्र राज सिंह ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि कनपुरवा नहर पुल के पास अमन नामक युवक और उसके तीन साथियों ने तमंचा दिखाकर उनके साथ मारपीट की और आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और बैंक खाते का पासवर्ड भी जबरन ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से 73,800 रुपये दो अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए। जाते समय आरोपी उनकी मोटर साइकिल और मोबाइल लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया था। इस मामले में खखरेडू थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच में गिरफ्तार आरोपी हिमांशु के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कन्हैया सहरिया का नाम सामने आया। आरोपी मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र के बरखेड़ा लीरा गांव का निवासी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट की धारा 66डी भी बढ़ाई गई है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत मिश्रा, उपनिरीक्षक ईश्वर चंद्र, उपनिरीक्षक महेश प्रसाद, कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल विक्रांत सिंह व सर्विलांस सेल प्रभारी शैलेष कुमार सिंह शामिल रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

