उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के टिकरी मनौटी गांव निवासी विष्णु शुक्ला 22 पुत्र विधिचंद शुक्ला अपने मामा उमाशंकर पांडे के साथ इंदौर में प्राइवेट नौकरी करते हैं। दोनों सोमवार को छुट्टी लेकर अपने गांव मनौटी लौट रहे थे। बताया गया कि कानपुर के टाटमील चौराहे से मंगलवार तड़के करीब 3 बजे दोनों एक बोलेरो गाड़ी में सवार हुए। जब सुबह लगभग 4 बजे कल्यानपुर थाना क्षेत्र के चौडगरा कस्बे स्थित चौडगरा पुल के पास चालक ने गाड़ी रोक दी और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर मामा-भांजे को पिला दिया। नशीला पदार्थ पीने के बाद दोनों बेहोश हो गए। इसी दौरान जहर खुरानी गिरोह के सदस्य उनके पास रखे करीब 35 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, कपड़े और दो बैग लेकर फरार हो गए। होश आने पर उमाशंकर पांडे किसी तरह अपने भांजे विष्णु को लेकर गांव मनौटी पहुंचे और घटना की जानकारी पीआरबी 112 को दी। सूचना मिलते ही पीआरबी 112 मौके पर पहुंची। मामा-भांजे की हालत गंभीर देख पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिन्दकी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

