G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली को लेकर युवा विकास समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अनोखा प्रदर्शन किया। मुंह पर मास्क लगाए, हाथों में पौधे और बैनर लिए युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण, ऐतिहासिक धरोहरों की रक्षा और जल संरक्षण की मांग बुलंद की। नारेबाजी करते हुए युवाओं ने फैक्ट्रियों के धुएं से फैल रही बीमारियों, नष्ट हो रही फसलों, दूषित हो रहे भूगर्भ जल और तालाबों पर हो रहे अतिक्रमण पर गहरी चिंता जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राजस्व विभाग की उदासीनता के चलते जनपद के तमाम तालाबों पर कब्जा हो चुका है, जिससे धीरे-धीरे उनका अस्तित्व ही मिट रहा है। प्रदर्शन के बाद युवाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि फैक्ट्रियों के प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई हो, तालाबों से अतिक्रमण हटाया जाए और जल संरक्षण के लिए ठोस नीति बनाई जाए।युवा विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि अगर आज पर्यावरण नहीं बचाया गया तो आने वाली पीढ़ियों को सांस लेना भी मुश्किल हो जाएगा। संगठन प्रमुख संजय दत्त द्विवेदी ने कहा कि प्राकृतिक धरोहरें हमारी पहचान हैं, उन्हें बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।जिलाध्यक्ष कंचन मिश्रा ने कहा कि विकास के नाम पर जंगल और तालाब नष्ट हो रहे हैं। सरकार को फैक्ट्रियों पर सख्त मानक लागू करने चाहिए। प्रदर्शन में प्रवीण पाण्डे, मुकेश सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share