उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र के ग्राम बुदवन स्थित अष्टादश भुजा धारिणी मां दुर्गा मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का गुरुवार को हवन, कन्या भोज एवं विशाल भंडारे के साथ विधिवत समापन हो गया। कथा के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। वृंदावन धाम से पधारे व्यासपीठ कथावाचक योगेश रामानुज दास ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराते हुए अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि अब तक वे 349 श्रीमद्भागवत कथाओं का वाचन कर चुके हैं, लेकिन बुदवन स्थित अष्टादश भुजा धारिणी मां दुर्गा का यह मंदिर उनके लिए विशेष आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है। कथावाचक ने कहा कि इतनी दिव्य एवं जागृत अष्टादश भुजा धारिणी मां के दर्शन उन्हें पहली बार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि जो भी भक्त सच्चे मन से मां के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित करता है, उसकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। इस दौरान मंदिर परिसर में लखनऊ से आए केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. हरिशंकर सिंह के साथ कथावाचक योगेश रामानुज दास ने रुद्राक्ष का पवित्र पौधा भी रोपित किया। व्यासपीठ से उन्होंने घोषणा की कि वे प्रत्येक वर्ष अष्टादश भुजा धारिणी मां के दरबार में निःशुल्क श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन करेंगे तथा सात दिनों तक मां की शरण में रहकर उनके दिव्य दर्शन और साधना करेंगे। कथा के दौरान मंदिर से जुड़ी आस्था और मान्यताओं की भी चर्चा हुई। श्रद्धालुओं ने बताया कि पिछले शारदीय नवरात्र महोत्सव में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम तथा खागा विधान सभा की विधायक कृष्णा पासवान ने भी मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक कृष्णा पासवान ने मां के चरणों में मंत्री बनने का आशीर्वाद मांगा था, जो बाद में पूर्ण हुआ। इसी कारण क्षेत्रवासियों में मंदिर के प्रति गहरी आस्था है और लोग मानते हैं कि मां की कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। समापन अवसर पर हवन-पूजन, कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कथा के यजमान बिंदेश्वरी अग्रहरि एवं उनके परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. हरिशंकर सिंह, राजेश्वर गुप्ता, रामेश्वर, दिनेश, बोधन लाल, पप्पू, मुन्नालाल, छंगू, राजू, शुभम अग्रहरी, अमन अग्रहरी, दशरथ सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

