उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात प्रगति यादव के पर्यवेक्षण में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से शनिवार रात्रि विशेष “ड्रंक एंड ड्राइव” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग कर कार्यवाई की गई। यातायात मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान जिंदपुर टोल प्लाजा पर यातायात प्रभारी केशरी प्रसाद यादव एवं यातायात पुलिस टीम, बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई अवधेश सिंह, कल्याणपुर थाना प्रभारी सुमति देव पांडेय एवं सीसीटीम प्रभारी उप निरीक्षक संजय सरोज तथा काटोघन टोल प्लाजा पर खागा सीसी टीम प्रभारी कृष्ण कुमार यादव एवं देवप्रकाश नागर द्वारा संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 22 चालकों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के संचालित 12 भारी मालवाहक वाहनों का भी चालान कर 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। फतेहपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

