G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश (एनएचएआई) द्वारा सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एनएचएआई पीआईयू कानपुर के निर्देशानुसार तथा प्रोजेक्ट मैनेजर अजय कुमार के मार्गदर्शन में बिठूर कानपुर हाईवेज द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा दुर्घटनाओं में कमी लाना था। कार्यक्रम के दौरान हाईवे के विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों, यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही उन्हें यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर राजस्थान सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं आज देश की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक बन चुकी हैं। प्रतिवर्ष हजारों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा देते हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से घायल होकर जीवनभर के लिए प्रभावित हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाही, तेज गति, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। फिरोज़ खान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को केवल सरकारी अभियान न समझें, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा, “हेलमेट चालान से नहीं, मौत से बचाता है।” उनके इस संदेश ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डिप्टी मैनेजर सुरक्षा संदीप तोमर एवं अनिल शर्मा ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की संस्कृति विकसित करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प ले, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यात्रा को जनआंदोलन का रूप देने की जरूरत है, जिससे हर व्यक्ति स्वयं भी सुरक्षित रहे और दूसरों की सुरक्षा में भी योगदान दे सके। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। लोगों ने हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के महत्व को समझते हुए भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का भरोसा दिया। एनएचएआई और बिठूर कानपुर हाईवेज द्वारा आयोजित इस जागरूकता अभियान को लोगों का सकारात्मक सहयोग मिला। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share