उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्य एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च बाकरगंज चौकी से प्रारंभ होकर प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते हुए चौक चौराहा, लाला बाजार तथा वर्मा चौराहे तक पहुंचा। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, सदर कोतवाल सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्य ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि जनपद में आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की परंपरा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

