उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की भारतीय किसान यूनियन भूमिपुत्र के जिलाध्यक्ष पवन कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी फतेहपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।संगठन ने धान की बुवाई के समय किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए पुरानी विद्युत व्यवस्था को पुनः लागू करने तथा रात में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध न होने की समस्या उठाते हुए खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। ज्ञापन में फतेहपुर दुग्ध उत्पादन सहकारी संघ के चौडगरा दुग्ध अवशीतन केंद्र को पुनः संचालित करने की मांग भी शामिल रही। वहीं औरई गांव के निर्मल नगर मोहल्ले से घोसीपुरा मार्ग तक जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण कराने की मांग की गई। संगठन ने बहरामपुर-सातों नरैनी मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने तथा जल जीवन मिशन के तहत औराई गांव में बन रही पानी की टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग की जांच कराने की मांग उठाई। इसके अतिरिक्त विकासखंड धाता के जहांगीरनगर गांव के पास स्थित नहर पुलिया के चौड़ीकरण और पशु चिकित्सालय में पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
भारतीय किसान यूनियन भूमिपुत्र ने प्रशासन से किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द समाधान कराने की अपील की।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

