उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के चाँदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गूढेश्वर मंदिर के पास हुई इस मुठभेड़ में जवाबी कार्यवाई के दौरान एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान बरामदगी भी की गई है। पकड़े गए बदमाश की पहचान धर्मेन्द्र पुत्र विशालू निवासी कंजरन डेरा, मजरा नोनारा, थाना जहानाबाद के रूप में हुई है। फरार हुए बदमाश का नाम गोलू पुत्र विनोद निवासी कंचनपुर, थाना बिन्दकी बताया गया है।
चाँदपुर पुलिस ने घायल धर्मेन्द्र के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा चोरी की घटनाओं से जुड़े 3400 रुपये नकद और एक पैशन प्लस मोटर साइकिल भी पुलिस के हाथ लगी। पुलिस का कहना है कि बरामद बाइक और नकदी थाना चाँदपुर और थाना कल्यानपुर में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी धर्मेन्द्र के खिलाफ जिले समेत अन्य जिलों के विभिन्न थानों में 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी गोलू के खिलाफ भी 13 मुकदमे पंजीकृत बताए जा रहे हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराने में जुटी है। थाना चाँदपुर पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्यवाई शुरू कर दी गई है। फरार बदमाश गोलू की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात में गश्त और चेकिंग अभियान और तेज किया जाएगा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

