उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में शिक्षा और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं से खास संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, यह व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।” उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच और समय के सदुपयोग का महत्व समझाया। साथ ही नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने की सीख भी दी। संवाद के दौरान छात्राओं ने शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण और पुलिस सेवा से जुड़े कई सवाल पूछे। एसपी ने सभी जिज्ञासाओं का बेहद सरल और प्रेरणादायी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों को कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास न खोने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने कहा कि यह संवाद उनके लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणास्पद रहा। इससे उन्हें अपने लक्ष्य को लेकर नई ऊर्जा और दिशा मिली है। पुलिस कार्यालय में हुए इस संवाद को सुनकर मौजूद शिक्षिकाएं और पुलिस कर्मी भी प्रेरित हुए।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

