उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में खरीफ की बुवाई के समय खाद की कमी और स्मार्ट मीटर से आने वाले बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी फतेहपुर ने मोर्चा खोल दिया है। कमेटी के अध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने 21 जुलाई 2026 को महामहिम राज्यपाल, उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने दो मुख्य मुद्दे उठाए हैं पत्र में कहा गया है कि इस समय खरीफ की फसलों की बुवाई और रोपाई का काम जोरों पर है। लेकिन किसानों को यूरिया और डीएपी खाद के लिए दिनभर लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ फसल का कीमती समय भी बर्बाद हो रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए ताकि किसान समय पर फसल तैयार कर सकें। दूसरा बड़ा मुद्दा स्मार्ट मीटर का उठाया गया। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश भर में लगाए गए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी बन गए हैं। तेज गति से चलने के कारण इन मीटरों से 4 गुना तक बिजली बिल आ रहा है। महंगाई के इस दौर में आम जनता के लिए इतना बिल भरना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने पोस्टपेड डिजिटल मीटर फिर से लगाए जाएं ताकि उपभोक्ताओं को सही बिल मिल सके। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि “इस कमरतोड़ महंगाई के दौर में किसान और आम जनता पहले ही परेशान हैं। खाद और बिजली जैसी बुनियादी जरूरतें अगर समय पर नहीं मिलीं तो जनता का जीना मुश्किल हो जाएगा। ज्ञापन पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आरिफ गुड्डा समेत कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं। कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की है कि दोनों मुद्दों पर तुरंत संज्ञान लेकर किसानों और बिजली उपभोक्ताओं को राहत दिलाई जाए।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

