फतेहपुर जिले के मलवां थाना पुलिस द्वारा चोरी के अभियोग से संबंधित एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 5000/- रु0 व उसकी निशानदेही उसके घर से 20 किलो नाजायज गांजा बरामद किया गया। वादी पंकज साहू उर्फ मुन्ना लाल साहू उर्फ झल्लर साहू पुत्र रामदास निवासी अल्लीपुर, थाना मलवां द्वारा थाना पर तहरीरी सूचना दी गई कि दिनांक 01.05.2026 की रात्रि वह अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर पारिवारिक विवाह समारोह में गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा घर का ताला तोड़कर दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए गए तथा दो सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, कान की झुमकी, लॉकेट सहित सोने का हार एवं ₹1,50,000 नकद चोरी कर लिया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मलवां पर मु0अ0सं0 84/2026, धारा 305 (ए)/331 (4) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में थाना मलवां पुलिस द्वारा दिनांक 22.07.2026 को मु0अ0सं0 84/2026 धारा 305a/331 (4) बीएनएस से सम्बन्धित अभियोग में प्रकाश में आया शातिर आरोपी सलमान उर्फ सलीम उर्फ राजू पुत्र छेदू निवासी शांति नगर अरबपुर बस स्टैण्ड के पास सदर कोतवाली उम्र करीब 27 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशादेही पर मुकदमें से संबंधित चोरी किये गये पैसों में से 5000 रुपये तथा उसके घर की तलाशी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 20 किलो नाजायज गांजा बरामद किया गया। बरामदगी एवं पूछताछ के आधार पर उक्त अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस व धारा 8/20 N.D.P.S act की बढ़ोत्तरी की गई तथा गिरफ्तार अभियुक्त को आज दिनांक 23.07.2026 को आवश्यक विधिक कार्यवाई उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि अल्लीपुर में पंकज साहू के घर से उसने व कमल जोशी पुत्र ज्ञानप्रकाश निवासी माहपुर मोहल्ला, लखनऊ बाईपास, सदर कोतवाली के साथ मिलकर घर का ताला तोड़कर एवं अलमारी तोड़कर दिनांक 02.05.2026 को प्रातःकाल लगभग 04:00 बजे चोरी की थी। चोरी के दौरान ₹60,000 (साठ हजार रुपये) नगद तथा गले व पैरों में पहनने वाले जेवरात चोरी किए थे। जेवरात बेचकर उसका बंटवारा हम दोनों ने किया था। मेरे हिस्से में ₹1,10,000 (एक लाख दस हजार रुपये) आए थे, जिनमें से कुछ पैसा मुकदमों की जमानत व अन्य खर्चों में खर्च हो गया। कल ही शाम को जेल से छूटा हूँ। आज आप लोगों ने पकड़ लिया। उसी चोरी के ₹5,000 मैंने तकिए के कवर में दो महीने पहले रख दिए थे, वही आपको बरामद करवा दिए। तत्पश्चात कमरे में पड़े बेड के नीचे तलाशी ली गई तो अभियुक्त सलमान ने बताया कि, “साहब, इस सफेद बोरी में 20 किलो गांजा रखा है। इस पर राजपत्रित अधिकारी क्षेत्राधिकारी नगर को सूचना दी गई, जो मौके पर उपस्थित आए। क्षेत्राधिकारी नगर की मौजूदगी में गांजे के पैकेट से भरी बोरी को पलटकर उससे गिनती कराई गई तो उसमें खाकी रंग के टेप से पैक किए हुए 10 पैकेट गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे के संबंध में बताया कि गांजा कहाँ से लाए थे, तो उसने बताया कि यह गांजा उसने एक गाड़ी से चोरी किया था। उस समय उसे पता नहीं था कि इस बोरी में गांजा है। बाद में पता चला तो उसे घर में छिपाकर रख दिया। करीब दो महीने से गांजा घर में रखा था। तब से मैं जेल में था। अब आकर इसकी बिक्री करता, उससे पहले ही आप लोगों ने पकड़ लिया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

