उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में चहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिले की पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में थाना कोतवाली क्षेत्र में निकाले जा रहे जुलूसों की ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की गई। पुलिस के मुताबिक, जुलूस मार्ग, भीड़-भाड़ वाले इलाके, मिश्रित आबादी और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के जरिए ऊपर से नजर रखी जा रही है। इसका मकसद किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते पहचानकर तुरंत कार्यवाई करना है। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था बाधित न हो इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों को संवेदनशील बिंदुओं पर निरंतर गश्त और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाहों और भ्रामक पोस्ट पर लगाम कसने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी लगातार मॉनिटरिंग हो रही है। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाई की जाएगी। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने आमजन से अपील की है कि पर्व को भाईचारे के साथ मनाएं, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और शांति सर्वोच्च प्राथमिकता है और चहल्लुम के सभी कार्यक्रमों को सकुशल संपन्न कराया जाएगा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share