उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक, प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने शनिवार को जिले का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक भी मौजूद रहे। आईजी ने थाना हुसैनगंज क्षेत्र के ओम घाट और थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के नौबस्ता घाट का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने घाटों पर श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन की व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बैरिकेडिंग, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी और गोताखोरों की व्यवस्था को भी देखा। अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए आईजी अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, भीड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त हो और सोशल मीडिया पर अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन हमारी प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से ड्यूटी करें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर, उप जिलाधिकारी खागा, क्षेत्राधिकारी खागा और क्षेत्राधिकारी थरियांव सहित संबंधित थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने आम श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें और पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

