फतेहपुर जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज दिनांक 11 अगस्त 2026 को आईटीआई सभागार कक्ष, फतेहपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विनय पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह, आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं उनके स्टाफ की उपस्थिति में बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों को एल्बेंडाजोल की निर्धारित खुराक खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ/संदेश दिया गया।

इस अभियान के अंतर्गत 1 वर्ष से 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की दवा दी जानी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह ने बताया कि बच्चों में कृमि संक्रमण उनके स्वास्थ्य, पोषण तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है। नियमित रूप से कृमिनाशक दवा दिए जाने से कृमि संक्रमण को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों एवं संबंधित विभागों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा निर्धारित आयु वर्ग के सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा सुनिश्चित रूप से खिलाने की अपील की। अपर जिलाधिकारी विनय पांडेय ने अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वस्थ भविष्य के लिए ऐसे जनस्वास्थ्य अभियानों में सभी विभागों का समन्वित सहयोग आवश्यक है। कार्यक्रम में आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं स्टाफ द्वारा भी अभियान में सहयोग प्रदान किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

