उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्यवाई की है। खागा तहसील स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में छापेमारी कर टीम ने कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया। संग्रामपुर सानी, थाना खागा निवासी भीम सिंह पुत्र स्व. वैजनाथ सिंह ने 8 अगस्त 2026 को एंटी करप्शन थाना प्रयागराज में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में भीम सिंह ने आरोप लगाया कि 17 जून 2026 को उनके द्वारा कराए गए बैनामे में झूठे तथ्य दर्शाकर उनके खिलाफ मुकदमा लिखवाने की धमकी दी जा रही थी। आरोप के मुताबिक, इस मुकदमे से बचाने के बदले कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध उनसे एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की जांच के बाद एंटी करप्शन की 13 सदस्यीय टीम ने पूरी योजना बनाई। मंगलवार को टीम ने लोकनसेवक साक्षियों और ट्रैप टीम के साथ खागा सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में छापा मारा। तय स्थान पर जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाई शुरू कर दी है।इस कार्यवाई के बाद रजिस्ट्री विभाग और स्थानीय तहसील में चर्चा तेज हो गई है। आम लोगों ने एंटी करप्शन टीम की इस कार्यवाई की सराहना की है और कहा कि रजिस्ट्री जैसे संवेदनशील विभाग में इस तरह की कार्यवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

