उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में जन समस्याओं के त्वरित निपटारे को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनता दरबार लगाया। इस दौरान जिले के विभिन्न थानों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने एक-एक व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुना और उनके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और मामलों को लटकाया न जाए। जनता दरबार में भूमि विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, महिला संबंधी अपराध और अन्य शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। एसपी ने सभी प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और सीओ को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि फरियादी की समस्या का समाधान वास्तव में हुआ है या नहीं। अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना है। हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई से आम लोगों में संतोष देखा गया। फरियादियों ने कहा कि सीधे एसपी से मिलकर अपनी बात रखने का अवसर मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

