Spread the love

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। जनता दरबार में जमीन विवाद, महिला उत्पीड़न, साइबर ठगी, शिकायतों पर कार्यवाई न होने और पुलिस व्यवहार से जुड़े कई मामले सामने आए। एसपी ने सभी प्रार्थना पत्रों को बारी-बारी से पढ़ा और पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने थानाध्यक्षों और क्षेत्राधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा में हो। साथ ही पीड़ित से फोन पर फीडबैक लेकर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि समस्या का समाधान वास्तव में हुआ है या नहीं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय और क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा भी मौजूद रहे। एसपी ने दोनों अधिकारियों को लंबित शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करने और थानों में आने वाले फरियादियों से शालीनता से पेश आने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि पुलिस का मुख्य काम जनता को न्याय और सुरक्षा देना है। किसी भी पीड़ित को थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए हम हर शिकायत को गंभीरता से ले रहे हैं। पुलिस कार्यालय में लगे इस जनता दरबार से आम लोगों को अपनी बात सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का मौका मिला। फरियादियों ने व्यवस्था की सराहना भी की।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By