उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक रविवार को नहर कॉलोनी में जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मौजूद रहे, जिनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। किसानों ने सबसे प्रमुख मुद्दा निजी दुकानदारों द्वारा खाद की ओवररेटिंग का उठाया। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिले में किसानों को निर्धारित सरकारी दर से अधिक कीमत पर खाद बेची जा रही है, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। यूनियन ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच कराकर दोषी दुकानदारों पर कार्रवाई करने और किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, बैठक में हालिया पुलिस कार्रवाई को लेकर भी किसान नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि 16 अगस्त की रात को पुलिस द्वारा यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों के घरों पर छापेमारी व जांच की गई। उन्होंने कहा कि अगर किसी मामले की जांच करनी ही थी तो दिन में बुलाकर पूछताछ की जा सकती थी, रात में इस तरह की कार्रवाई से किसानों में दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। राजेंद्र सिंह ने कहा कि किसान किसी अपराध में शामिल नहीं हैं। सरकार पुलिस के माध्यम से किसानों को डराना चाहती है ताकि वे अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन न कर सकें, लेकिन किसान डरने वाले नहीं हैं। संगठन किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने भाजपा सरकार से किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की। बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर भी चर्चा हुई। संगठन को मजबूत करने के लिए मलवां से मोहित सिंह चंदेल को ब्लॉक अध्यक्ष और असोथर से दीपू मिश्रा को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा अन्य कई कार्यकर्ताओं को भी नई जिम्मेदारियां दी गईं। इस मौके पर यूनियन के तमाम पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

