Spread the love

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के धाता नगर पंचायत क्षेत्र के कल्याणपुर कचरौरी गांव में लगातार बारिश के बाद जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पिछले तीन दिनों से गांव में पानी भरा होने के कारण 50 से अधिक घर प्रभावित हैं। कई गलियों और रास्तों पर एक से दो फीट तक पानी भरा होने से ग्रामीणों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों जितेन्द्र सिंह, उपेंद्र सिंह, अमित सिंह, कौशलेंद्र सिंह, राहुल सिंह, तेज बहादुर सिंह, बबलू सिंह और राजू सिंह आदि का आरोप है कि गांव के बीच स्थित तालाब खरपतवार और अतिक्रमण के कारण सिकुड़ गया है। इससे उसकी जलधारण क्षमता कम हो गई और बारिश का पानी तालाब में नहीं समा पा रहा है। पानी की निकासी प्रभावित होने से तालाब भरने के बाद पानी गलियों और घरों तक पहुंच गया। ग्रामीणों के मुताबिक घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो रहा है और जहरीले कीड़ों के घरों में घुसने का खतरा बना हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पानी की निकासी शुरू कराई। नगर पंचायत की टीम ने ट्रैक्टर व जेसीबी से नालियों की सफाई शुरू कराई तथा तीन पंपिंग सेट लगाए हैं। अधिशासी अधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि नालियों की सफाई और पंपिंग सेट से पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By