उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में आगामी पर्व बारावफात, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने की। बैठक में जनपद के विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक और सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मिलजुलकर पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा त्योहारों के दौरान केवल पारंपरिक मार्गों से ही जुलूस निकाले जाएं, किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने थानावार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निकाय जुलूस मार्गों पर स्ट्रीट लाइट, पेयजल, साफ-सफाई, चूने का छिड़काव और सड़कों के गड्ढे भरने का काम समय से पूरा कर लें।विद्युत विभाग ढीले तारों और जर्जर पोलों को दुरुस्त कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे।सभी एसडीएम और सीओ जुलूस मार्गों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर लें। जिन थाना और तहसील क्षेत्रों में अभी तक पीस कमेटी की बैठक नहीं हुई है, वहां तत्काल बैठक कराई जाए।एसपी ने कहा – सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि सभी प्रमुख पर्वों को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठक कर त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, एडीएम वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, सीओ, थाना प्रभारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित बड़ी संख्या में धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

