उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौती और प्रेमनगर कस्बे समेत आसपास के गांवों में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी बड़ी अकीदत और जोशो-खरोश के साथ मनाया गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर निकले जुलूस-ए-मोहम्मदी में नारा-ए-तकबीर अल्लाहु अकबर और मरहबा या मुस्तफा की सदाओं से पूरा इलाका गूंज उठा।चार पहिया वाहनों का काफिला और घोड़ों पर सवार बच्चे बने आकर्षण,मोहम्मदपुर गौती में समाजसेवी मोहम्मद अरशद और शाहदत अली की अगुवाई में चार पहिया वाहनों का काफिला निकाला गया। हरे झंडों और गुब्बारों से सजे वाहनों ने सबका ध्यान खींचा।वहीं प्रेमनगर कस्बे में मौलाना हुसैन साहब की सरपरस्ती में निकला जुलूस आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें सफेद लिबास में घोड़ों पर सवार नन्हे-मुन्ने बच्चे सबसे आगे चल रहे थे, जिसे देखने के लिए सड़कों के किनारे लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इजुरा, सुल्तानपुर घोष, शोहदमऊ, अफोई, मंडवा, बहेरा और ऐरायां समेत पूरे थाना क्षेत्र में फज्र की नमाज के बाद मस्जिदों में कुरानख्वानी और मिलाद शरीफ की महफिलें सजाई गईं। इसके बाद जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरे एहतराम के साथ रवाना हुआ।अमन-भाईचारे का पैगाम, सबील-ए-हुसैनी का एहतमाम जुलूस के दौरान जगह-जगह सबील-ए-हुसैनी लगाकर राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाया गया और बच्चों में टॉफी-बिस्किट बांटे गए। पूरे आयोजन में अमन, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम दिया गया। व्यवस्था में ग्राम प्रधान मोहम्मद कफील अहमद, नफीस अहमद, एजाज अहमद और अनुज चौधरी समेत क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। क्षेत्र के हिंदू भाइयों ने भी इस आयोजन की सराहना कर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद जुलूस को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह चंदेल भारी पुलिस बल के साथ पूरे क्षेत्र में पैदल गश्त करते रहे। उन्होंने बताया कि सभी जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुए, जिसमें आयोजकों ने प्रशासन का पूरा सहयोग किया। शाम तक सभी जुलूस सकुशल संपन्न हो गए और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की गई।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

