उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिलें के धाता नगर पंचायत के वार्ड नंबर-14 रमाबाई नगर के नगरूवा गांव में मंगलवार सुबह लगातार बारिश के बीच हादसा हो गया। बारिश से मिट्टी धंसने के कारण महुआ का पेड़ उखड़कर कच्चे मकान पर जा गिरा। मकान में बंधी गाय पेड़ और मलबे के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। नगरूवा निवासी सुषमा देवी पत्नी संतोष सिंह ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे अचानक मिट्टी खिसकने से पेड़ मकान पर गिर गया। हादसे की जानकारी पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ व मलबा हटाकर गाय को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पीड़िता के अनुसार मृत गाय की कीमत करीब 70 हजार रुपये थी। सभासद दुर्ग विजय सिंह ने पुलिस, नगर पंचायत, पशु चिकित्सा विभाग और लेखपाल को सूचना दी। पशु चिकित्सा अधिकारी प्रवीण सचान ने बताया कि नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

