उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के सम्मानित किसान भाइयों को अवगत कराना है कि जल्द ही जनपद मे भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप उर्वरकों का वितरण “फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल” (एफएफएस) ऐप के माध्यम से बुकिंग कर क्यूआर कोड से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे | इस व्यवस्था के लागू होने पर कृषकों को पूर्ण पारदर्शिता एवं सुगमता पूर्वक बिना लम्बी लाइनों मे लगे सहकारी समितियों/निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों से उर्वरक प्राप्त हो सकेगा | इस सम्बन्ध मे आज दिनांक 15.09.2026 को उप कृषि निदेशक महोदय फतेहपुर की अध्यक्षता मे आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमे सभी सहकारी समितियों के सचिवों, निजी उर्वरक विक्रेताओ एवं कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया | जिला कृषि अधिकारी के द्वारा बताया गया कि उर्वरकों की बुकिंग के लिए कृषकों के अपने स्मार्ट फोन (मोबाइल) के प्ले स्टोर से फेस ऐप इंस्टॉल करना होगा जिसमे चार आसान स्टेप मे उर्वरको की बुकिंग की जा सकती है। सबसे पहले चरण मे कृषक को फार्मर रजिस्ट्री या आधार से लॉगिन कर भूमि (कृषित भूमि) का ब्योरा एवं फसल से संबंधित विवरण भरना है, दूसरे चरण मे सामान्य संस्तुति दर पर (खेत पर बोई फसल के अनुसार) उर्वरकों का चयन करते है, तीसरे चरण मे कृषक अपनी कृषि भूमि के निकटतम समिति/उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठान जो प्रदर्शित होते है, को अपनी स्वेच्छा से चयन कर अंतिम चरण मे क्यू आर कोड जनरेट कर सकते है | कृषक अपनी सुविधा के अनुसार स्वयं अथवा अपने प्रतिनिधि को भेज कर भी उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे | यह क्यू आर कोड 48 घंटों के लिए मान्य होगा | प्रशिक्षण मे यह भी बताया गया कि भू स्वामी के साथ-साथ सभी प्रकार के भूमि धारक (पट्टा भूमि/बटाई/किराया भूमि/सरकारी संस्था की भूमि आदि) आसानी से उर्वरक प्राप्तकर्ता का विवरण भर कर उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे । प्रशिक्षण मे उपस्थित प्रतिभागियों की फेस प्रणाली से संबंधित जिज्ञासाओं एवं तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया गया। उप कृषि निदेशक महोदय के द्वारा निर्देशित किया गया कि कृषि विभाग के समस्त क्षेत्रीय कार्मिक अपने कार्यक्षेत्र के समस्त कृषकों को इस व्यवस्था से उर्वरकों की बुकिंग हेतु प्रशिक्षित करेंगे एवं कृषकों का सहयोग करेंगे जिससे कृषकों को उनकी आवश्यकता एवं जोत के अनुरूप सगमता पर्वक उर्वरक प्राप्त हो सकें।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

