उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के थरियांव थाने की हसवा पुलिस चौकी क्षेत्र में हुए जमीनी विवाद से दहशत का माहौल उतपन हो गया। जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष सड़क पर आमने-सामने आ गए। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह बवाल हुआ, वहां से हसवा पुलिस चौकी की दूरी महज 100 मीटर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर खींचतान चल रही थी। बुधवार शाम विवाद ने तूल पकड़ लिया और देखते ही देखते गाली-गलौज, धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भीड़ के बीच गोली चलने जैसी तेज आवाज सुनाई दे रही है, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। हालांकि फायरिंग हुई है या यह किसी पटाखे या अन्य चीज की आवाज थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी के इतने करीब इस तरह का बवाल और कथित फायरिंग की घटना पुलिस की सक्रियता पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। अगर चौकी के सामने ही पक्ष इस तरह आमने-सामने आ सकते हैं तो दूर-दराज के इलाकों में क्या स्थिति होगी। फिलहाल इस कथित फायरिंग के वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों में दहशत का माहौल है। वही इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया।

आज दोपहर थाना थरियांव के हसवा चौकी क्षेत्रान्तर्गत भूमि संबंधी विवाद से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। प्रकरण की प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ है कि एक पक्ष रिंकू लोहारी तथा दूसरा पक्ष वीरेंद्र सिंह का है। वीरेंद्र सिंह की भूमि हसवा चौकी क्षेत्रान्तर्गत स्थित है, जिसका कुछ हिस्सा उनके एक पारिवारिक सदस्य द्वारा रिंकू लोहारी को विक्रय किया गया था। उक्त भूमि पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों के मध्य पूर्व से विवाद चला आ रहा था। आज दिन में दोनों पक्षों के मध्य इसी भूमि को लेकर वाद-विवाद हुआ। इस दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों के मध्य सुलह-समझौते का प्रयास किया गया। इसके उपरांत वीरेंद्र सिंह पक्ष से कुछ युवक मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के मध्य पुनः विवाद एवं मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में हाईवे पर दोनों पक्ष आपस में विवाद एवं मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं तथा मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वायरल वीडियो में फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। वीडियो के आधार पर अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फायरिंग किसके द्वारा की गई तथा किसे लक्ष्य करके की गई है। उक्त तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। प्रकरण में दोनों पक्षों के कुल 06 व्यक्तियों, जिनमें रिंकू लोहारी एवं वीरेंद्र सिंह भी शामिल हैं, को पुलिस हिरासत में लिया गया है। क्षेत्राधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन एवं घटना के समस्त तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर घटना को स्पष्ट करते हुए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाई की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

