उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के असोथर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरकंडी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी तेलान बाबा के आशीर्वाद और प्रशासन व ग्रामवासियों के सहयोग से भव्य दंगल का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद आयोजित इस दंगल में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हजारों दर्शकों ने अखाड़े में पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। रोशन सिंह के नेतृत्व में हुआ आयोजन दंगल का आयोजन आयोजक रोशन सिंह के नेतृत्व में किया गया। इसमें लमेहटा, मनावा, भसरौल, सरकंडी और मार्का समेत आसपास के गांवों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया। एक के बाद एक हुए मुकाबलों में पहलवानों ने प्रतिद्वंद्वी को पटखनी देने के लिए तरह-तरह के दांव-पेंच आजमाए। अखाड़े में पहलवानों के उतरते ही दर्शकों की भीड़ जुट गई। मुकाबलों के दौरान तालियों और उत्साहवर्धन से पूरा मैदान गूंजता रहा। ग्रामीण अंचल में कुश्ती के प्रति आज भी कायम लगाव और खेल भावना दंगल में देखने को मिली। आयोजक रोशन सिंह ने कहा कि दंगल ग्रामीण परंपरा और खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, साथ ही युवाओं में कुश्ती और अन्य खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है। अंत में ग्रामीणों ने दंगल के आयोजन में सहयोग करने वाले प्रशासन, आयोजकों और सभी सहयोगियों का आभार जताया। तेलान बाबा के आशीर्वाद से सजा यह दंगल देर तक क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

