उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर खागा स्थित अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजेश यादव ने यादव महासभा के कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में उनके राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के हितों को प्रमुखता से उठाया। उनके विचार आज भी सामाजिक समानता, भाईचारे और न्याय की भावना को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने और समाज के लोगों को एकजुट करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि कार्यालय के माध्यम से संगठनात्मक कार्यों को गति देने, समाज के लोगों की समस्याओं को उठाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रयास किए जा सकते हैं। साथ ही समाजवादी विचारधारा, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। इसी क्रम में शहर, बिंदकी, जहानाबाद, हुसैनगंज, अयाह शाह और बहुआ सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर भी नेताजी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया गया और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया। यादव महासभा की ओर से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धांजलि सभाओं और विचार गोष्ठियों के माध्यम से मुलायम सिंह यादव के जीवन, संघर्ष और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों को याद किया गया। खागा में पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा कार्यालय का उद्घाटन संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया। कार्यक्रम में नेताजी के विचारों को आत्मसात करने, सामाजिक एकता बनाए रखने और जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर संगीता पासी, अखिलेश मौर्य, शिव सिंह यादव नगर अध्यक्ष खागा, रत्नेश रत्ना ,दिनेश कुमार, राजकुमार, रामहपाल, क्रवाल मौर्य, अमन यादव, उमेश यादव, शिवप्रकाश सिंह, हनुमान सिंह, रामसिंह, जितेंद्र सिंह, पारख यादव, कृष्णा यादव एवं शिव प्रकाश बालक के साथ साथ अन्य लोग भी मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

