उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के दनियालपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने ही ससुर पर पूरी पुश्तैनी जमीन बड़े बेटे के नाम कर देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थिनी निर्मला देवी पत्नी स्वर्गीय सुरेन्द्र सिंह, निवासी दनियालपुर पोस्ट हसवा ने बताया कि उसके ससुर जबर सिंह पुत्र महावीर सिंह के तीन बेटे हैं बड़ा बेटा धर्मेन्द्र सिंह, दूसरा सुरेन्द्र सिंह (पीड़िता का पति) और तीसरा नरेन्द्र सिंह निर्मला के मुताबिक उसके पति सुरेन्द्र सिंह की करीब 10 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसके दो बेटियां हैं, जिनकी पढ़ाई से लेकर खाने-पीने तक की पूरी जिम्मेदारी उसी पर है। वह मजदूरी करके किसी तरह परिवार का पेट पाल रही है।पीड़िता का आरोप है कि बेटियों की पढ़ाई और शादी की चिंता को देखते हुए उसने ससुर जबर सिंह से खेती का कुछ हिस्सा मांगने की बात कही, ताकि वह खेती-किसानी कर सके। इस पर ससुर ने गाली-गलौज कर उसे भगा दिया और कहा कि मैंने पूरे खेत बड़े बेटे धर्मेन्द्र सिंह के नाम कर दिए हैं, ज्यादा चीख-पुकार करेगी तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। जो करना हो करलो मेरे पास पैसा है, ताकत है, तेरा कोई कुछ नहीं कर पाएगा। पीड़िता ने अधिकारियों से गुहार लगाई है। कि ससुर द्वारा बड़े बेटे के नाम की गई जमीन को निरस्त कर मृतक पति सुरेन्द्र सिंह के हिस्से की जमीन दिलाई जाए, ताकि वह अपनी दो बेटियों का पालन-पोषण और शादी-ब्याह कर सके।

