उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के असोथर थानां क्षेत्र की छात्रा ने गोरखपुर में आयोजित 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में सर्वोदय इंटर कॉलेज असोथर की छात्रा नेहा ने द्वितीय स्थान हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया। शनिवार को विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य समेत शिक्षक-शिक्षिकाओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उसका भव्य स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हसवा विकासखंड की ग्राम पंचायत सांतो जोगा निवासी नेहा सर्वोदय इंटर कॉलेज असोथर में कक्षा नौ की छात्रा है। उसके पिता राजू खेती-किसानी करते हैं, जबकि माता शोभा गृहिणी हैं। साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली नेहा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उसकी इस उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने नेहा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करता है। नेहा की उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है। कबड्डी प्रतियोगिता की तैयारी में कोच आलोक का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने नेहा की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत, लगन और बेहतर प्रशिक्षण को दिया। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि नेहा भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेगी। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने वाली नेहा की उपलब्धि से क्षेत्र में भी खुशी है। उसकी सफलता ने ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दी है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

