उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में यातायात पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की मदद कर उसे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने इस सराहनीय कार्य के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों की प्रशंसा करते हुए ₹5,000 के पुरस्कार की घोषणा की है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को मुख्य आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह और कांस्टेबल मनीष कुमार शुक्ला चौड़गरा चौराहे पर यातायात ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सुबह करीब 9:05 बजे प्रयागराज से आई एक छात्रा को राजकीय इंटर कॉलेज (GIC), बिंदकी स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए कोई साधन नहीं मिल पा रहा था। छात्रा की परेशानी को देखते हुए मुख्य आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह ने तत्परता दिखाई और अपने निजी वाहन से उसे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। पुलिसकर्मी की इस पहल से छात्रा समय पर परीक्षा में शामिल हो सकी।यातायात पुलिस के इस मानवीय प्रयास से छात्रा को बड़ी राहत मिली। परीक्षा केंद्र पहुंचने पर छात्रा ने फतेहपुर पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा इस सराहनीय कार्य के लिए ₹5,000 का पुरस्कार घोषित किया जाना पुलिस कर्मियों के सेवा भाव और कर्तव्यनिष्ठा को प्रोत्साहित करने वाला कदम है। जिले की पुलिस ने एक बार फिर संदेश दिया है कि वह आमजन की सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

