उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में मिठाई की दुकानों पर यूज बाई डेट (उपयोग की अंतिम तिथि) प्रदर्शित करने के नियमों को लेकर उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने व्यावहारिक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मिठाई कारोबारियों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि मिठाइयों की प्रकृति, निर्माण प्रक्रिया और भंडारण की परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं। ऐसे में प्रत्येक मिठाई की शेल्फ लाइफ निर्धारित करने के लिए वैज्ञानिक और व्यावहारिक व्यवस्था जरूरी है। व्यापारियों का कहना है कि कई बार ग्राहक मिठाई खरीदकर ले जाने के बाद उसे खराब बताकर वापस करने का दबाव बनाते हैं। ऐसी शिकायतों में बिना जांच व्यापारी को दोषी मानना उचित नहीं है। संगठन ने मांग की कि ग्राहक से वापस मिली मिठाई और दुकान में उपलब्ध उसी बैच की मिठाई के नमूनों की अलग-अलग जांच कराई जाए। कार्रवाई से पहले व्यापारी का पक्ष सुनने और साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाए। छोटे और मध्यम कारोबारियों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता तथा यूज बाई डेट प्रदर्शित करने का सरल प्रारूप उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन में खाद्य विभाग के अधिकारियों के लिए एक समान निरीक्षण प्रक्रिया लागू करने, अनावश्यक पुलिस हस्तक्षेप और छापेमारी पर रोक लगाने तथा खाद्य विभाग और व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक कराने की मांग की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज कुमार साहू, जिला महामंत्री जय किशन, जिला कोषाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, प्रेमदत्त उमराव, अरुण कुमार दीक्षित, बसंत सिंह चौहान, धनंजय मिश्रा, प्रकाश सिंह भदौरिया, अनिल महाजन, दीपक तिवारी, मीडिया प्रभारी गोपाल जी, सलामत अली और राजकुमार गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share