उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की खागा कोतवाली पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत ओवरलोड मौरंग लदे ट्रक को सीज करने, वाहन का रजिस्ट्रेशन निरस्त कराने की रिपोर्ट भेजने, अभियोग पंजीकृत करने एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले 02 आरोपियो को गिरफ्तार कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाई की गई है; वैधानिक कार्यवाही से बचने हेतु पेशबंदी में पुलिस टीम पर लगाए जा रहे मारपीट के असत्य, भ्रामक एवं निराधार आरोपों का खंडन किया गया। आज 14.11.2026 को कस्बा खागा स्थित चौक चौराहे पर पुलिस टीम ड्यूटी में तैनात थी, तभी पुलिस टीम द्वारा किशनपुर रोड से आ रहे ओवरलोड मौरंग लदे टाटा ट्रक (यूपी 71 बीटी 3430) को रुकने का संकेत दिया गया, किंतु चालक ने आमजन की जान जोखिम में डालते हुए ट्रक को भीड़भाड़ वाले मार्ग पर अत्यंत तेजी व लापरवाही से भगा दिया। पुलिस टीम द्वारा पीछा कर पेट्रोल पंप के पास ट्रक को रुकवाया गया, जहाँ चालक एवं ट्रक में सवार उसके साथी शिवम पुत्र गौरीशंकर (उम्र 22 वर्ष) तथा अमित कुमार पुत्र विजय (उम्र 27 वर्ष), निवासीगण सुजरही, थाना खागा द्वारा पुलिस कर्मियों से हंगामा व धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डाली गई तथा चालक मौके से भाग गया। वैध प्रपत्र न होने व ओवर लोड पाए जाने पर ट्रक को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम में सीज किया गया, साथ ही एआरटीओ द्वारा 45,000/- रुपये का चालान एवं खनन विभाग द्वारा 25,000 रुपये का चालान किया गया है। ई-चालान/वाहन पोर्टल की जांच में पाया गया कि उक्त वाहन का रोड टैक्स दिनांक 30.06.2026 को ही समाप्त हो चुका है तथा पोर्टल पर वाहन पूर्व से ही सीज (व्हीकल इम्पाउंडेड) प्रदर्शित होने के बावजूद अवैध रूप से संचालित हो रहा था। वाहन के विरुद्ध पूर्व से भी प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकूट एवं बांदा में ओवर लोडिंग व अन्य गंभीर उल्लंघनों के लगभग 08 चालान (3,94,500/- रुपये, जिनमें 05 चालान लंबित हैं) दर्ज हैं। वाहन द्वारा आदतन यातायात नियमों का उल्लंघन करने, समाप्त रोड टैक्स एवं भारी बकाया चालानों के आधार एआरटीओ फतेहपुर को मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अंतर्गत उक्त वाहन का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने हेतु रिपोर्ट प्रेषित की गई है। घटना के संबंध में अज्ञात चालक व दोनों साथियों के विरुद्ध थाना खागा पर मु०अ०सं० 521/2026 धारा 132, 221, 262, 263 व 3(5) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। दिनांक 14.11.2026 को आरोपी शिवम एवं अमित कुमार को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस की इसी विधिसम्मत एवं कठोर कार्यवाई से बचने व पेशबंदी के उद्देश्य से आज दिनांक 15.11.2026 को पुलिस टीम पर मारपीट के लगाए जा रहे आरोप पूर्णतः असत्य, भ्रामक एवं निराधार हैं, जिनका पुलिस द्वारा पूर्णतः खंडन किया जाता है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
