उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेला गांव के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शहर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही अपाचे मोटर साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक घटना स्थल पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होने दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर व चालक को पकड़ने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी शरीफ अहमद की 35 वर्षीय शबनम अपनी 16 वर्षीय पुत्री इलमा को साथ लेकर पड़ोसी सौरभ पुत्र चन्द्रगुप्त मौर्या 20 वर्ष के साथ बाइक में बैठकर ललौली थाना क्षेत्र के कस्बा बहुआ गांव कुम्हरवा अपने ननिहाल शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। जैसे ही बाइक सवार सरेला गांव के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे डंपर से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हुई है। घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त कर विधिक कार्यवाई की जा रही है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंपर व चालक का जल्द पता लगाया जा रहा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
