उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया गया। आयुष विभाग के अंतर्गत आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा 110 लोगों को, राजकीय होम्योपैथिक विभाग द्वारा 101 लोगों को तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग द्वारा 92 लोगों को निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं बाल सेवा योजना के तहत 26 लोगों को लाभ प्रदान किया गया। वहीं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से 06 लाभार्थियों को तथा बैंकों के माध्यम से 11 लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, सीएम युवा योजना, मुद्रा योजना एवं बीमा योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई। इस प्रकार कुल 346 लोगों ने विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। समाधान दिवस में कृषि, चिकित्सा, शिक्षा, राजस्व, पुलिस, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, वृद्धा, दिव्यांग, निराश्रित महिला पेंशन, सिंचाई, जिला पूर्ति, श्रम विभाग, बाल विकास, नलकूप, मनरेगा, उद्यान, चकबंदी आदि विभागों से संबंधित कुल 118 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और कोई भी गरीब पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत (हाइडिल), जिला कृषि अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

