फतेहपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर फतेहपुर में अवतरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्र प्रभारी नीरा दीदी द्वारा आध्यात्मिक संदेश के साथ किया गया। नीरा दीदी ने कहा कि जब-जब धर्म की ग्लानि और अधर्म का बोलबाला बढ़ जाता है, तब मनुष्य में काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसी पाश्विक वृत्तियां जाग्रत हो जाती हैं। ऐसी कलियुगी अज्ञानता की रात्रि में ज्ञान सूर्य ज्योतिबिंदु स्वरूप परमात्मा शिव का दिव्य अवतरण होता है। उन्होंने बताया कि परमात्मा शिव के ज्योतिबिंदु स्वरूप को सभी धर्मों में मान्यता प्राप्त है—मुस्लिम धर्म में उन्हें रूहानी नूर, ईसाई धर्म में गॉड इज़ लाइट, सिख धर्म में एक ओंकार और सनातन धर्म में ज्योर्तिलिंगम् के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि कलियुग की रात्रि को सतयुगी दिन बनाने के लिए ही परमात्मा शिव का अवतरण होता है। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी ममता बहन ने कहा कि हम सभी शिव मंदिर में दूध, धतूरा, बेलपत्र आदि अर्पित करते हैं, लेकिन सच्ची शिवरात्रि मनाने का वास्तविक अर्थ है अपने भीतर के मनोविकारों रूपी कांटों और विष को त्यागकर आत्मपरिवर्तन करना। उन्होंने कहा कि केवल अन्न छोड़ने का व्रत नहीं, बल्कि बुराइयों को छोड़ने का संकल्प ही सच्चा उपवास है। उन्होंने शिव और शंकर के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि शिव निराकार ज्योतिबिंदु स्वरूप परमात्मा हैं, जबकि शंकर आकारी देवता हैं। शिव परमधाम के निवासी हैं, वहीं शंकर सूक्ष्मलोक के निवासी हैं। शिव रचयिता हैं और शंकर उनकी रचना हैं। शंकर भी समाधि लगाकर तपस्या करते हैं, क्योंकि उनसे भी ऊपर परमात्मा शिव हैं, जिन्हें वे भी याद करते हैं। उन्होंने शिवलिंग पर तीन रेखाओं और तीन पत्रों वाले बेलपत्र का आध्यात्मिक अर्थ बताते हुए कहा कि यह ब्रह्मा, विष्णु और शंकर के भी रचयिता परमात्मा शिव का प्रतीक है, और बीच का बिंदु निराकार ज्योतिस्वरूप शिव परमात्मा को दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन बीके पारुल बहन ने किया। वहीं ब्रह्माकुमारी दिनेश भाई, विश्वनाथ शुक्ला और चंद्रपाल सहित अन्य भाइयों ने प्रसाद वितरण कर सेवा कार्य संभाला। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में ज्वालागंज से विशेष शिव शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

