उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की खागा तहसील अंतर्गत ऐरायां विकास खंड के ग्राम इजूरा खुर्द में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य मेले का आयोजन रविवार (आज) किया जा रहा है। इस अवसर पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। मेला कमेटी के अध्यक्ष ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 अक्टूबर 2021 को इसी स्थान के समीप एक आलू के खेत में जुताई के दौरान पंचमुखी महादेव भगवान की मूर्ति प्राप्त हुई थी। इसके बाद मूर्ति की विधिवत स्थापना कर मंदिर का निर्माण कराया गया। तभी से वर्ष 2022 से प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि के दिन यहां भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है, जो इस वर्ष लगातार चौथे वर्ष आयोजित हो रहा है। उन्होंने बताया कि आज सुबह पंचमुखी महादेव के स्थान पर संगीतमय कर्मकांडी शास्त्रीय ब्राह्मणों द्वारा अखंड शिव जाप एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में मथुरा के लोकप्रिय कथावाचक द्वारा एक दिवसीय धार्मिक प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को ज्ञान की गंगा से सराबोर किया जाएगा। इसके अलावा हर वर्ष की भांति इस बार भी रात्रि में शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही जनपद के पत्रकारों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। मेला कमेटी अध्यक्ष ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि यह मेला सभी का है, इसमें सभी लोग सहयोग करें और शांति व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने विशेष रूप से आग्रह किया कि धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए शराब पीकर मेले में प्रवेश न करें, ताकि मेला शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

