Spread the love

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत जनपद फतेहपुर में “बहु-बेटी सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा आयोजित किया गया। सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, स्वावलंबन, दहेज मृत्यु, अपहरण जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान शक्ति दीदियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं के साथ समन्वय स्थापित कर गांवों एवं स्कूलों में बहु-बेटी सम्मेलन आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों एवं परिवारों को उनके कानूनी अधिकारों, मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत सुरक्षा, सरकारी योजनाओं तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को अपराध के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही दहेज, हिंसा, शोषण और अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। बहु-बेटी सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक सजग हुई हैं। कार्यक्रम को लेकर प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By