उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फतेहपुर दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। जारी प्रोटोकॉल के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री का काफिला सीधे पूर्व विधायक मोहम्मद सफीर के आवास पर अफोई में रुका जहां समर्थकों का भारी हुजूम दिखाई दिया। पुलिस प्रशासन एलर्ट दिखाई दिया। वहीं पूर्व विधायक का कुशल क्षेम जानने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया। “न किसी की आय दोगुनी हुई और न भ्रष्टाचार खत्म हुआ। जनता को सिर्फ भ्रमित किया गया,” उन्होंने आरोप लगाया।
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि पीडीए (पीड़ित, दुखी, अपमानित) ही उनकी ताकत है और जो भी इस ताकत को बढ़ाना चाहता है, उसका स्वागत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए को हक और सम्मान दिलाने का काम करेगी। शंकराचार्य प्रकरण पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि शंकराचार्य उनके लिए पूजनीय हैं और उनके साथ हुआ व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकार और उपमुख्यमंत्रियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। फतेहपुर में पत्रकारों की हत्या का मुद्दा उठाते हुए सपा अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल रहा है। एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर लोगों को परेशान कर रही है और वोटर लिस्ट के नाम पर पीडीए वर्ग के नाम काटे जा रहे हैं, जिसे समाजवादी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ सपने दिखा रही है, जबकि जनता की आय बढ़ाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। कृषि, महंगाई और बाजार व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। वाराणसी को क्योटो बनाने के दावे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर परिणाम नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, भूमि कब्जा और भ्रष्टाचार के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में जवाब देगी। इसके बाद अखिलेश यादव का काफिला हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य के रामपाल मौर्य महाविद्यालय, सुल्तानपुर घोष में स्थित जनसंपर्क कार्यालय पहुंचा। सपा नेत्री एवं हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य ने स्वागत में गौतम बुध की मूर्ति सप्रेम भेंट करते हुए क्षेत्र की समस्या एवं वक्त के हालातों से अवगत कराया। इस दौरान सांसद नरेश उत्तम पटेल, फतेहपुर सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, पूर्व विधायक वीर अभिमन्यु सिंह यादव (वीरन यादव), जहानाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष सैय्यद आबिद हसन सहित कई सपा नेता मौजूद रहें। वहीं पूर्व विधायक मोहम्मद शफीर के सुपुत्र यासिर सफीर एवं विधायक ऊषा मौर्य के सुपुत्र विकल्प मौर्य ने कड़ी मेहनत की।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

