Spread the love

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थानां क्षेत्र में लगातार लापता हो रही बेटियों के मामलों को लेकर गुरुवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने थाने में जोरदार दस्तक दी। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिजनों के साथ थाने पहुंचा और पुलिस की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई। ग्राम घोषिन का पुरवा मजरे खरगूपुर की एक नाबालिग बच्ची के अपहरण का मामला तीन महीने पूर्व दर्ज हुआ था। अपराध संख्या 202/2025 (धारा 87 व 137(2) बीएनएस) के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक बरामदगी नहीं हो सकी। पीड़िता की मां न्याय के लिए भटक रही हैं। संगठन का आरोप है कि पुलिस ने अब जाकर बच्ची की तलाश की प्रक्रिया तेज की है, जो निष्क्रियता की पराकाष्ठा है। वहीं इसी थाना क्षेत्र की एक अन्य छात्रा, जो स्कूल गई थी, पिछले लगभग 12 दिनों से लापता है। परिजनों ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ जबरन अगवा किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने थाना प्रभारी से सीधी वार्ता करते हुए सवाल उठाया कि पुलिस का खुफिया तंत्र और नियमित गश्त आखिर कहां है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संगठन थाने का घेराव कर व्यापक आंदोलन करेगा। इस दौरान राजरानी, सरला सिंह, सुनीता, संयोगिता, रानी सहित संगठन की सदस्याएं एवं पीड़ित परिवार के लोग उपस्थित रहे। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और अब निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By