उत्तर प्रदेश फतेहपुर जनपद के कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल से संबंधित लंबित आवेदनों के ससमय निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में न जाने पाए, इस पर अधिकारी विशेष ध्यान रखें। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) एवं सीएम युवा विकास योजना की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उद्योग स्थापना के लिए जिन आवेदनों पर बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत किया जा चुका है लेकिन वितरण लंबित है, उनका शीघ्र वितरण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उद्योग स्थापित करने हेतु जिन एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं, उनमें संबंधित औद्योगिक संस्थानों को आवश्यक सहयोग नियमानुसार उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। बैठक में उद्यमियों द्वारा मलवां रेलवे स्टेशन से रैक प्वाइंट तक जाने वाली सड़क की खराब स्थिति तथा ग्राम चौफेरवा से मिश्रामऊ तक मार्ग के चौड़ीकरण व डामरीकरण की मांग उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को स्थलीय निरीक्षण कर औचित्य की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा लोक निर्माण विभाग से आगणन व स्टीमेट प्राप्त कर अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोज़गार योजना के अंतर्गत रोजगार सृजन, सामाजिक सुरक्षा एवं रोजगार क्षमता बढ़ाने संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, कानपुर क्षेत्र के प्रतिनिधि ने नियोक्ताओं एवं श्रमिकों/कर्मचारियों को मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया तथा योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने औद्योगिक इकाइयों से प्राप्त शिकायतों व सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए, पुलिस क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, एलडीएम, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित उद्यमी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

