उत्तर प्रदेश फतेहपुर जनपद के सुल्तानपुर घोष थाने में आगामी होली व रमजान पर्व को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नायब तहसीलदार ऐरायाँ अरविंद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह चंदेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशासन ने दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने की बात कही। बैठक के दौरान होली जलाने से संबंधित भूमि विवादों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को थाना दिवस पर हल करने का आश्वासन दिया गया। वहीं अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की सख्त हिदायत दी। डीजे संचालकों को भी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। नायब तहसीलदार अरविंद कुमार ने कहा कि होली और रमजान को शांतिपूर्ण ढंग से मनाना प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि होली एकता और सद्भाव का पर्व है, इसे सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उपनिरीक्षक आनंद वर्मा ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि अनजाने में रंग या गुलाल लग जाए तो धैर्य रखें और शांति बनाए रखें। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कोई भी व्यक्ति शराब पीकर वाहन न चलाए और न ही नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने दें। बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और शांतिपूर्ण त्योहार मनाने का संकल्प लिया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

