उत्तर प्रदेश फतेहपुर जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित कार खंदक में जाकर पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार जोनिहा कस्बे के समीप अमौली रोड पर एक ईंट भट्टे के पास तेज रफ्तार इको कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार अनुज पासवान (28) पुत्र राम आसरे पासवान निवासी ग्राम कटरी थाना घाटमपुर, जनपद कानपुर नगर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि अनुज पासवान जोनिहा कस्बे से अमौली की ओर जा रहा था। जबकि कार अमौली की ओर से जोनिहा की तरफ आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों की मदद से कार को खंदक से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि मृतक अनुज पासवान अपनी भाभी को मटिहा गांव, थाना खखरेरू क्षेत्र में छोड़ने गया था और वापस अपने गांव लौटते समय यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

