उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान टीमों ने पंपलेट वितरित कर महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस टीमों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। टीमों ने वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान मोबाइल में पैनिक बटन और इमरजेंसी कॉल फीचर का डेमो भी देकर महिलाओं को इसकी उपयोगिता समझाई गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा फतेहपुर पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

