उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की बिंदकी क्षेत्र के एक होनहार युवक ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (एचपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पैतृक गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूलमालाओं से लादकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान जहानाबाद क्षेत्र के विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने प्रतीक चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और युवाओं को उनकी सफलता से प्रेरणा लेने की बात कही। जानकारी के अनुसार बिंदकी क्षेत्र के सदान बदान का पुरवा गांव के मूल निवासी प्रशांत यादव, पुत्र गीतम सिंह यादव ने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षा पास की है। शुक्रवार को जब वह अपने पैतृक गांव पहुंचे तो विधायक राजेंद्र सिंह पटेल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत करते हुए बधाई दी। इस दौरान प्रशांत यादव ने बताया कि वर्तमान में उनका परिवार कानपुर नगर के नौबस्ता क्षेत्र में निवास करता है। उनके पिता पुलिस विभाग में तैनात हैं और इस समय उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के साथ ड्यूटी में हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमिशन की परीक्षा के लिए आवेदन किया था, जिसका अंतिम परिणाम 3 मार्च को घोषित हुआ। उन्होंने बताया कि उनकी नियुक्ति उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुई है। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से कहा कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत के साथ तैयारी की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। इस मौके पर राघवेंद्र सिंह, ध्यान सिंह पहलवान, नयन सिंह यादव, बलवंत यादव, गोविंद, मोहित सिंह, कपूर सिंह, कोठारी प्रसाद, नागेंद्र, हरबंस सिंह, अचलू सिंह, सोमनाथ, शिवनाथ, राजोल सिंह, धर्मेंद्र, इंदल, गुड्डू, रामराज, आकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

