उत्तर प्रदेश कौशाम्बी जिले में बहुजन समाज पार्टी के प्रयागराज मंडल मुख्य प्रभारी सतीश जाटव ने कहा कि बहुजन समाज के महान नेता एवं बसपा के जन्मदाता कांशीराम ने अपना पूरा जीवन दबे-कुचले, शोषित, पीड़ित और उपेक्षित बहुजन समाज को संगठित करने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि कांशी राम ने बाबा साहेब बी आर अम्बेडकर के आत्म-सम्मान और मानवतावादी विचारों को आगे बढ़ाते हुए करोड़ों दलित, शोषित और वंचित समाज को एकजुट किया और उन्हें राजनीतिक शक्ति के रूप में खड़ा करने का काम किया। सतीश जाटव ने कहा कि कांशी राम के संघर्ष और विचारों की बदौलत बहुजन समाज को नई पहचान मिली और बहुजन समाज पार्टी एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी। उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी कांशी राम के मिशन को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल उद्देश्यों को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज भी देश में जातिवादी सोच और संकीर्ण राजनीति के कारण बहुजन समाज को संगठित रहने की आवश्यकता है, इसलिए कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे एकजुट होकर अपने वोट की ताकत को समझें और बहुजन समाज के हितों की रक्षा के लिए काम करें। सतीश जाटव ने कहा कि कांशीराम के बताए रास्ते पर चलकर बहुजन समाज को मजबूत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने बताया कि 15 मार्च रविवार को कांशी राम की जयंती के अवसर पर बसपा कार्यकर्ता लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करेंगे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

