उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा में रविवार को कथा पंडाल भक्ति के चरम पर दिखाई दिया। कथा व्यास चंदन कृष्ण जी महाराज ने प्रभु श्रीराम द्वारा धनुष भंग और सीता स्वयंवर के अलौकिक प्रसंग का इतना सजीव वर्णन किया कि उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा के दौरान चंदन कृष्ण जी महाराज ने बताया कि जब बड़े-बड़े राजा भगवान शिव के धनुष को हिला तक नहीं सके और महाराज जनक निराश होकर बोले, अब जनि कोउ माखै भट मानी, बीर बिहीन मही मैं जानी”— तब महर्षि विश्वामित्र के संकेत पर प्रभु श्रीराम विनम्र भाव से धनुष की ओर बढ़े। जैसे ही भगवान श्रीराम ने पिनाक धनुष को हाथ लगाया और उस पर प्रत्यंचा चढ़ाई, वह भीषण टंकार के साथ दो खंडों में विभक्त हो गया। यह दृश्य देखकर देवताओं ने पुष्प वर्षा की और पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद माता जानकी ने सखियों के मधुर गीतों के बीच आकर प्रभु श्रीराम के गले में वरमाला डाली। कथा व्यास ने कहा कि यह प्रसंग केवल एक विवाह नहीं, बल्कि जीव और ब्रह्म के मिलन का प्रतीक है। कार्यक्रम में उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष एवं कथा संयोजक कृष्ण कुमार तिवारी तथा जिला कार्यकारिणी के सदस्यों ने सामूहिक आरती की। कृष्ण कुमार तिवारी ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन हमें संकट के समय धैर्य और गुरु की आज्ञा का पालन करना सिखाता है। व्यापारियों के लिए भी मर्यादा और ईमानदारी ही व्यापार का मूल आधार होना चाहिए। इस कथा में श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देने के लिए अनंत श्री विभूषित श्रीमद् प्रयाग पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ओंकारानंद सरस्वती जी का आगमन भी हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिव का धनुष मनुष्य के भीतर के अहंकार का प्रतीक है। जब तक लोग इसे बल से उठाना चाहते रहे, वे असफल रहे, लेकिन प्रभु श्रीराम ने विनय और गुरु आज्ञा का पालन किया, इसलिए वह धनुष सहज ही खंडित हो गया। उन्होंने कहा कि यदि समाज को सुखी और समृद्ध बनाना है तो हमें अपने जीवन और व्यापार में रामत्व को अपनाना होगा। व्यापार मंडल द्वारा समाज को जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है। कथा के समापन पर सीता-राम की झांकी की विशेष आरती उतारी गई और सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी, जिला अध्यक्ष मनोज साहू, युवा जिलाध्यक्ष आकाश भदौरिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धनंजय मिश्रा, सचिव श्रवण दीक्षित, महामंत्री जय किशन, कोषाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष अनिल महाजन, प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मित द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, अतुल कसेरा, शिवप्रसाद मामा, गंगाशरण करवरिया, विकास कश्यप, ओम प्रकाश द्विवेदी, अभय सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, महिलाएं और श्रद्धालु मौजूद रहे। सीता-राम झांकी की आरती के साथ कथा सम्पन्न हुई।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

