उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद फतेहपुर में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को जागरूक किया गया। इस दौरान ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया और उनकी समस्याओं के त्वरित व विधिसम्मत समाधान के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया, जिनमें महिला हेल्पलाइन 1090, आपात कालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं cybercrime.gov.in शामिल हैं। पुलिस द्वारा लोगों को इन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त की जा सके। यह अभियान न केवल महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल भी मजबूत कर रहा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

