उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में हत्या, लूट, डकैती, नकबजनी, चोरी और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों के लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। गोष्ठी के दौरान एसपी ने प्रत्येक प्रकरण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र अनावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में तेजी लाकर पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने पर जोर दिया गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, सर्विलांस सेल प्रभारी, एसओजी प्रभारी और इंटेलीजेंस विंग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आपसी समन्वय के साथ तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग कर मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए। एसपी ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई के साथ-साथ बेहतर पुलिसिंग जरूरी है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

