उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2)’ अभियान के अंतर्गत जनपद फतेहपुर में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में किया जा रहा है। गुरुवार को जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटीरोमियो टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को जागरूक किया गया। इस दौरान ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया और उनकी समस्याओं को सुनते हुए त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा और आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

साथ ही महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे पुलिस और अन्य सेवाओं की मदद कैसे ले सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, बाल सहायता नंबर 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया समझाते हुए साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

