उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक युवक के परिजनों और ग्रामीणों ने फतेहपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे-232 पर जाम लगा दिया और घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया। मृतक की मां रामकली ने बिलखते हुए कहा कि उनका बेटा मोटरसाइकिल तक नहीं चला पाता था, ऐसे में ट्रैक्टर चलाने की बात संदिग्ध है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था, जबकि उसके पिता बाहर रहकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बहनों ने भी आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या कर घटना को सड़क हादसे का रूप दिया गया है।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब चार घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच और उचित कार्रवाई के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share
error: Content is protected !!